उमरियापान में तीसरी आंख का पहरा, प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी

सतीश चौरसिया उमरियापान । उमरियापान में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में नगर के प्रमुख चौराहों पर “तीसरी आंख” यानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी । इससे अपराधों पर अंक्षकुश लगेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी । थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि शनिवार को आजाद चौक पर तीन हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे स्थापित किए गए । ये कैमरे सिहोरा रोड, घुघरी रोड और झंडा चौक की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर नजर रखेंगे । कैमरे लगाने से पूरे इलाके की गतिविधियों पर पुलिस की सीधी निगरानी होगी । थाना प्रभारी ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में नगर के अन्य व्यस्त स्थानों जैसे न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे । इससे पूरे नगर का एक व्यापक निगरानी नेटवर्क तैयार होगा, जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ने में सक्षम होगा । इसका उद्देश्य अपराधों और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है । साथ ही, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर भी अब सख्ती से कार्रवाई की जा सकेगी । पुलिस का कहना है कि कैमरों की मौजूदगी से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और वे नियमों का पालन करने के लिए अधिक जिम्मेदार बनेंगे । इससे नगर की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी ।



