जबलपुर जीआरपी पुलिस की सतर्कता से चोरी गया लैपटॉप एवं मोबाइल सहित आरोपी गिरफ्तार में

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । जबलपुर पश्चिम मध्य रेलवे एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेलवे स्टेशन जबलपुर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं चोरी की संपत्ति की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान अंतर्गत दिनांक 30.06.2026 को थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई। रेलवे पुलिस महिला प्रधान आरक्षक एवं ड्यूटी पर तैनात जीआरपी स्टाफ को प्लेटफॉर्म क्रमांक 4-5 पर एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति अपने कब्जे में चोरी का लैपटॉप एवं मोबाइल लेकर प्लेटफॉर्म के इटारसी छोर पर बैठा हुआ है। सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल पुलिस टीम एवं ड्यूटी पर उपस्थित आरपीएफ स्टाफ के सहयोग से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति जैसे ही भागने का प्रयास करने लगा था उसे तत्परता से पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रूपेश विश्वकर्मा उर्फ गोलू पिता कमल विश्वकर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी इंद्रानगर, गल्ला मंडी के पीछे, थाना कुठला, जिला कटनी (म.प्र.) रहने वाला बताया। उसके पास तलाशी के दौरान कब्जे से एक नीले-पीले रंग के पिट्ठू बैग में रखा हुआ निम्न चोरी का सामान प्राप्त किया गया।
बेग में रखीं मिली साम्रगी –
एचपी कंपनी का लैपटॉप (चार्जर सहित), अनुमानित कीमत लगभग ₹60,000
- रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत लगभग ₹7,000 बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹67,000 है।
पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त लैपटॉप एवं मोबाइल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा स्वामित्व संबंधी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका तथा पूछताछ में चोरी की संपत्ति को बेचकर लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अपने कब्जे में रखना स्वीकार किया।
उक्त चोरी की संपत्ति को विधिवत जप्त कर, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण करने पर उसके विरुद्ध पूर्व में भी अपराध पंजीबद्ध होना पाया गया। आरोपी रूपेश विश्वकर्मा उर्फ गोलू को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है।



