रिश्वतखोर जेई लक्ष्मी नारायण पाटिल 5 एच पी के कनेक्शन के लिये किसान से 13 हजार रिश्वत लेते हुये लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश कांग्रेस बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि आज म.प्र. में बिजली विभाग भ्रष्टाचार की खान बन चुका है। आम बिजली उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने के नाम पर लूटा जाता है। इसके कई उदाहरण समय-समय पर कांग्रेस पार्टी ने सार्वजनिक भी किये। गरीब किसान मूलचंद कुशवाहा अपने दो एकड़ के खेत की सिंचाई के लिये मीटर लगवाना चाहता था मगर जेई लक्ष्मी नारायण पाटिल के द्वारा नियमों का हवाला देते हुए पहले तो उसको बिजली दफ्तर के कई चक्कर कटवाये और जब वह किसान थक हार गया तब जेई के द्वारा उससे रिश्वत की मांग की गई। पीड़ित मूलचंद कुशवाहा ने म.प्र. कांग्रेस बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा जी से अपने ऊपर बीत रही आप बीती बताई। चूंकि यह भ्रष्ट जेई की तासीर पहले से ही हम लोगों को ज्ञात थी और इसके द्वारा लूटे गये कई पीड़ितों ने भी अपनी व्यथा बताई थी।
ऐसे भ्रष्ट जेई और गरीब किसान को न्याय दिलाने हेतु लोकायुक्त में शिकायत करवाई गई जिसके चलते आज लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्ट जे.ई. लक्ष्मी नारायण पाटिल को 13 हजार रूपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा साथ ही पीड़ित किसान मूलचंद्र कुशवाहा ने भी लोकायुक्त के समक्ष अपने बयान दर्ज कराये।
मप्र कांग्रेस बिजली समस्या निवारण प्रकोष्ठ के द्वारा बिजली विभाग के समस्त अधिकारियों पर नजर रखी जाती है। आज की इस कार्यवाही के उपरांत आम बिजली उपभोक्ताओं ने कांग्रेस नेताओं को बधाईयां प्रेषित की है।


