भारतीय सेना मध्य कमान अलंकरण समारोह संपन्न

जबलपुर दर्पण। भारतीय सेना मध्य कमान अलंकरण समारोह 2023 आयोजित किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान ने अधिकारियों और अन्य रैंकों को वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किया। पुरस्कारों में 11 वीरता पुरस्कार और 20 विशिष्ट सेवा पुरस्कार शामिल हैं। आर्मी कमांडर ने समारोह के दौरान 16 जीओसी-इन-सी यूनिट प्रशंसा पत्र भी प्रदान किये । पुरस्कार विजेताओं को उनके शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया है।
लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सराहनीय और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 04 सूर्य कमान ट्राफियां – सर्वश्रेष्ठ ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सर्वश्रेष्ठ ग्रीन मिलिट्री स्टेशन, सर्वश्रेष्ठ जोनल मिलिट्री अस्पताल, सर्वश्रेष्ठ फील्ड अस्पताल – भी प्रदान कीं। इस अवसर पर, लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने सभी रैंकों को हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और भारतीय सेना की उच्च परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, नागरिक गणमान्य व्यक्ति और जबलपुर में निवास करने वाले पूर्व सैनिक उपस्थित थे। सभी लोगों ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस को श्रद्धांजलि दी और पुरस्कार विजेताओं की सेवा और वीरता की सराहना की।



