अवैध उत्खनन करते हुए जेसीबी जब्त

चाबी लेकर फरार चालक

कटनीदर्पण। जिले में अवैध रुप से खनिज के उत्खनन व परिवहन पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई अभियान के तहत की जा रही है। रविवार को विभागीय अमले ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जप्त किया है। कार्यवाही खनिज मुरूम के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर खनिज विभाग ओर माधवनगर पुलिस द्वारा संयुक्त रुप से की गई है।
जानकारी के अनुसार मुरुम के अवैध उत्खनन की सूचना पर संयुक्त टीम द्वारा इमलिया भडरा गांव पहुंच कर मौका निरीक्षण किया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता ओम प्रकाश तिवारी मौके पर उपस्थित मिले और उन्होने बताया कि ग्राम छहरी के तालाब में सचिन तिवारी और शिवम उरमालिया द्वारा खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन किया गया है। मौका अनुसार जांच के दौरान एक जेसीबी मशीन ग्राम भडरा के समीप इमलिया छहरी मार्ग पर खड़ी हुई पाई गई, जिसका चेचिस क्रमांक 4एच32011921225 और इंजन क्रमांक बीएम1071910088 पाया गया। उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीन द्वारा ग्राम छहरी से मुरूम का उत्खनन करके भागने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे उनके द्वारा रोकने पर वाहन चालक वहां से चाबी लेकर भाग गया।
शिकायतकर्ता के बताए हुए स्थान पर ताजा उत्खनन स्थल की माप की गई। जिसके अनुसार लगभग 1875 घन मीटर खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। जिसके बाद संयुक्त दल द्वारा शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर आरोपियों पर अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जेसी मशीन को जब्त कर माधवनगर थाने में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के निरीक्षक सतीश मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा और माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे सहित पुलिस बल की उपस्थिति रही।


