जनेकृविवि के पीएचडी छात्र माखन सिंह कराड़ा ने जीता मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक पुरस्कार

जबलपुर दर्पण। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलपति डाॅ. प्रमोद कुमार मिश्रा की सद्प्ररेणा से विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक एवं छात्र राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं कला कौशल से नये-नये आयाम छूं रहे हैं। इसी दिशा में गत दिवस मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विदिशा जिले के सम्राट अशोक प्रौद्योगिकी संस्थान में 38वीं मध्य प्रदेश युवा वैज्ञानिक कांफ्रेस का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के पीएचडी छात्र माखन सिंह कराड़ा ने कृषि विज्ञान विषय में मध्य प्रदेश युवा कृषि वैज्ञानिक पुरस्कार प्राप्त किया। इस पुरस्कार में छात्र माखन सिंह को 20000 रूपये नगद एवं प्रशस्ति पत्र के साथ कृषि वानिकी के क्षेत्र में अनुसंधान कार्य करने एवं प्रशिक्षण हेतु 1,20,000 रूपये की राशि प्रदान की जाएगी। माखन सिंह कराड़ा अपना पीएचडी का अनुसंधान कार्य जनेकृविवि वानिकी विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश बाजपेई के मार्गदर्शन में प्राप्त कर रहे हैं। युवा छात्र
माखन सिंह की इस उपलब्धि पर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की, साथ ही कहा कि पीएचडी के छात्र माखन सिंह ने कृषि वानिकी के क्षेत्र में शोध कार्य हेतु मध्य प्रदेश युवा कृषि वैज्ञानिक पुरस्कार प्राप्त कर इस विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस विश्वविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं हेतु एक प्रेरणा स्रोत के रूप में अपना योगदान एवं मार्गदर्शन छात्र-छात्राओं को प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कृषि संकाय डाॅ. धीरेन्द्र खरे, अधिष्ठाता उद्यानिकी संकाय डाॅ. एस.के. पांडे, अधिष्ठाता कृषि अभियांत्रिकी संकाय डाॅ. अतुल श्रीवास्तव, संचालक अनुसंधान सेवायें डाॅ. जी.के. कौतू , संचालक विस्तार सेवायें डाॅ. दिनकर प्रसाद शर्मा, संचालक शिक्षण डाॅ. अभिषेक शुक्ला, संचालक प्रक्षेत्र डाॅ. दीप पहलवान, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय जबलपुर डाॅ. पी.बी. शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. अमित शर्मा, कुलसचिव श्री रेवासिंह सिसोदिया, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी डाॅ. शेखर सिंह बघेल सहित समस्त विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक एवं छात्र-छात्राओं ने श्री माखन सिंह की गौरवशाली उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।



