आचार्य दक्षता परीक्षा में देवेंद्रनगर बना आदर्श केंद्र

पन्ना जबलपुर दर्पण । विद्या भारती महाकौशल प्रांत के तत्वावधान में आयोजित आचार्य दक्षता परीक्षा–2025 शुक्रवार को पन्ना जिले के देवेंद्रनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अत्यंत अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। इस परीक्षा का संचालन सरस्वती शिक्षा परिषद, पन्ना के जिला सचिव प्रमोद नगायच के मार्गदर्शन एवं जिला केंद्र के प्राचार्य शारदा मिश्रा की प्रत्यक्ष निगरानी में किया गया। परीक्षा में जिलेभर के कुल 89 आचार्यों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 84 आचार्य उपस्थित रहे तथा 5 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति 94.38% रही, जो इस तथ्य का प्रमाण है कि विद्या भारती के आचार्यगण न केवल शिक्षण को एक साधना मानते हैं, बल्कि आत्मविकास के प्रत्येक अवसर के प्रति भी अत्यंत प्रतिबद्ध हैं। इस परीक्षा का उद्देश्य मात्र विषयवस्तु का मूल्यांकन नहीं होता, बल्कि यह एक समग्र शैक्षणिक पुनरावलोकन है। इसमें आचार्यों की पठन-पाठन दक्षता, आधुनिक शिक्षण विधियों की समझ, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की जानकारी, एवं भारतीय शिक्षा परंपरा के प्रति उनकी आस्था को परखा जाता है। जिला सचिव प्रमोद नगायच ने कहा, “विद्या भारती समय-समय पर आचार्य परिवार की शैक्षणिक गुणवत्ता और कौशल संवर्धन हेतु इस प्रकार की परीक्षाओं का आयोजन करती है। यह केवल परीक्षा नहीं, अपितु आत्मावलोकन और गुणवत्तापरक शिक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल है।” परीक्षा में ईसीसीई (शिशु कक्षाओं से कक्षा 2 तक), प्रिपरेटरी (कक्षा 3 से 5), मिडिल (कक्षा 6 से 8), सेकेंडरी (कक्षा 9-10) तथा हायर सेकेंडरी (कक्षा 11-12) स्तरों के आचार्यों ने सहभागिता की। विषयानुसार प्रश्नपत्रों की सुव्यवस्थित संरचना, मूल्यांकन की स्पष्ट प्रक्रिया और संपूर्ण आयोजन की पारदर्शिता ने देवेंद्रनगर केंद्र को जिलेभर में एक आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया।



