भारतीय किसान संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक किशनगढ़, राजस्थान में

जबलपुर दर्पण। भारतीय किसान संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय बैठक 23, 24 व 25 फरवरी को राजस्थान के किशनगढ़ में आयोजित की जा रही है। बैठक के बारे में जानकारी देते हुये अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने बताया कि किशनगढ़ में आयोजित हो रही अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक में अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों के साथ देश भर के समस्त प्रांत व प्रदेश की कार्यकारिणी के कार्यकर्ता, संभाग, प्रांत व क्षेत्र के संगठन मंत्री सम्मिलित होंगे। श्री मिश्र ने बताया कि तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में देश से भर से आये किसान प्रतिनिधि कृषि क्षेत्र व किसानों की समस्याओं पर विभिन्न सत्रों में चर्चा करेगें।
प्रतिनिधि सभा में पारित होगें प्रस्ताव-अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटैल ने बताया कि तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में प्रस्ताव टोली प्रस्ताव रखेगी। प्रस्ताव के साथ कृषि व किसान के ज्वलंत विषयों व समस्याओं पर देश भर से शामिल किसान प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। चर्चा उपरांत प्रतिनिधि सभा की बैठक में प्रस्ताव पारित किये जायेगें। इससे पूर्व 23 फरवरी को अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक भी किशनगढ़ में ही सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। जिसमें देश के वर्तमान हालातों पर चिंतन चर्चा होगी।
देश भर से पंद्रह सौ किसान प्रतिनिधि होंगे शामिल- भारतीय किसान संघ देश के किसानों का सबसे बड़ा किसान संगठन है। किसान संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में पंद्रह सौ किसान प्रतिनिधि हिस्सा लेने जा रहे है। जो देश के विभिन्न प्रांतों का प्रतिनिधित्व करेंगें। किसान संघ ही एकमात्र ऐसा संगठन जिसका कि देश के छै सौ से अधिक जिलों में कार्यकारिणी व ग्राम समितियों में सक्रिय कार्यकर्ता है।
इस अवसर पर महाकौशल प्रांत से अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक में भारतीय एग्रो इकानामिक रिसर्च सेंटर के अखिल भारतीय अध्यक्ष व प्रधानमंत्री एमएसपी समिति के सदस्य प्रमोद चौधरी, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटैल, प्रांत संगठन मंत्री भरत पटैल, प्रदेश मंत्री आर सी पटैल, प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह, प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटैल, प्रांत उपाध्यक्ष हेतराम पटैल, प्रांत कार्यालय मंत्री आलोक पटैल, प्रांत मंत्री स्वदेश कोठारी जी, प्रांत कोषाध्यक्ष विजय गोंटिया, सरदार सिंह पटैल, प्रांत महिला संयोजिका खेलन सहारे, प्रांत मंत्री होरीलाल, जितेंद्र जैन, दामोदर पटैल, प्रांत प्रचार प्रमुख राममिलन पटैल शामिल होंगे।



