आमजन के बीच शांति और सुरक्षा बनाए रखने, जन जागरूकता अभियान का आयोजन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंहा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, अनु.अधि.(पु)आकांक्षा उपाध्याय व डीएसपी विजय गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस द्वारा आमजन के बीच शांति और सुरक्षा स्थापित रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है। इस क्रम में.. मैं हूं अभिमन्यु अभियान के रूप में जिले भर में अभियान चलाकर जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज थाना प्रभारी थाना यातायात निरी. गिरवर उइके, सूबेदार कुंवर सिंह उलाड़ी, सउनि. ओम सिंह ठाकुर और थाना स्टाफ ने रैपुरा हायर सेकेण्डरी स्कूल में अभियान चलाया गया। बताया गया कि जागरूकता अभियान में स्कूली छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा सहित सायबर क्राइम के बारे में यातायात पुलिस ने छात्रों को जानकारी दी। कार्यक्रम में थाना प्रभारी गिरवर उइके ने बच्चों को अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि ये अभियान आपको अभिमन्यु बनाने के लिए है, जिसमें नशा, दहेज, रूढ़िवादिता, अश्लीलता, असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, जैसे विकारों के लिए सजगता से कार्य करने की आवश्यक है। सूबेदार कुअर सिंह ने अभिमन्यु अभियान के मूल उद्देश्य को समझाया साथ ही पुलिस किस प्रकार मददगार होती है उसे भी विस्तार पूर्वक बताया। सहायक उप निरीक्षक ओम सिंह ठाकुर ने युवाओं में सायबर अपराध, महिलाओं से संबंधित अपराध और यातायात से जुड़ी जानकारी बच्चों को दिए और समझाया की जब भी अपराध का पता चले चुप न रहे, हमेशा आवाज उठाए। हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके पुलिस की मदद लें, इसी तरह महिला हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन, सायबर हेल्पलाइन सहित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से समझाया। जागरूकता कार्यक्रम में रैपुरा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आलोक जैन, यातायात स्टाफ प्र.आर. जगत सिंह, शिवकुमार मौर्य, स्कूली स्टाप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।