अतिथि शिक्षक मानदेय से वंचित

तीन माह से नहीं मिला मानदेय
जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश जागरूक अधिकारी कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष रॉबर्ट मार्टिन ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि शिक्षा विभाग में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को पिछले 3 माह से मानदेय नहीं मिल पाया है, जिसकी वजह से उनका जीविकोपार्जन करना मुश्किल हो रहा है l जहां एक तरफ इस महंगाई के दौर में बंधी रकम पाने वाले कर्मचारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है वही इन न्यूनतम राशि पाने वाले अतिथि शिक्षकों को 3 माह से वेतन नहीं मिला जिसकी वजह से अतिथि शिक्षक हैरान परेशान और हलाकान है, कि आखिर समान कार्य करने के बावजूद भी नियमित कर्मचारियों के समान उन्हें प्रति माह मानदेय समय पर क्यों नहीं दिया जाता यही वजह है कि अतिथि शिक्षकों में रोष व्याप्त है l संघ ने आगे बताया कि विभागीय अधिकारियों से जानकारी मांगने पर हमेशा आवंटन का बहाना दिया जाता है परंतु अतिथि शिक्षक जो कि न्यूनतम मानदेय पर ही निर्भर होते हैं उनके लिए मानदेय नहीं मिलने पर जीविकोपार्जन करना मुश्किल हो जाता है l जबकि राज्य शासन को इन अतिथि शिक्षकों का मानदेय समय पर कर देना चाहिए l संगठन ने शासन से मांग की है कि अतिथि शिक्षकों का मानदेय हर महीने समय पर कर दिया जाना चाहिए ताकि वे अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर सके। संगठन के हेमन्त ठाकरे, शाहिर मुमताज, एनोस विक्टर, एस.बी. रजक, राजकुमार यादव, सुधीर अवधिया,सुनील झारिया, राॅबर्ट प्रांसिस आदि ने मांग की है।



