पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने नवाचार: क्लस्टर से जिला स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। म.प्र. शासन के निर्देशानुसार डिंडौरी जिले में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत शासन की राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) योजना अंतर्गत पारंपरिक खेलों के प्रोत्साहन हेतु जिले में नवाचार के रूप में विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय CEC की बैठक 18 दिसंबर 2025 में पारित प्रस्ताव के अनुरूप लिया गया है। जनपद पंचायत स्तर से चयनित खेल एवं प्रतिभागियों की सूची 20 फरवरी 2026 तक जिला कार्यालय में प्रेषित करना अनिवार्य किया गया है। जिला स्तर पर प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी के रूप में डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन को नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक (सर्व शिक्षा अभियान) सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। जनपद स्तर पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। जारी निर्देशानुसार जिले में ग्राम, ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत स्तर पर पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित कर चयनित प्रतिभागियों की सूची तत्काल जिला कार्यालय को भेजना सुनिश्चित किया गया है, ताकि आगामी दिनों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें। क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक तथा जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगी। जनपद स्तर से दो फाइनल टीमों का चयन किया जाएगा, जो आगे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता केवल बालक वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में कक्षा 6 एवं 7 के 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के छात्र भाग ले सकेंगे। क्लस्टर स्तर के आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। पारंपरिक खेलों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, संकुल स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों को सौंपी गई है। जिले में पारंपरिक रूप से आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता को विशेष रूप से शामिल किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर से चयनित प्रतिभागियों में से जनपद स्तर पर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चिन्हांकन किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताएं एक दिवसीय होंगी। जनपद स्तर से चयनित टीमों के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹21,000, द्वितीय पुरस्कार ₹11,000, तृतीय पुरस्कार ₹5,100 तथा सांत्वना पुरस्कार ₹1,100 निर्धारित किया गया है। निर्देशानुसार सभी स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करते हुए फोटोग्राफी एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन जिला कार्यालय को भेजना होगा। कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों के फोटो एवं जानकारी साझा करने के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान श्री ईश्वर प्रसाद साहू (मो.नं. 9131675685) से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



