गंजीपुरा मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण बना परेशानी का कारण, ऊंचाई के अंतर से बढ़ा हादसों का खतरा

जबलपुर दर्पण । गंजीपुरा मुख्य मार्ग पर हाल ही में किए गए डामरीकरण के बाद सड़क और फुटपाथ के बीच ऊंचाई का अंतर स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नई सड़क का स्तर फुटपाथ की तुलना में करीब चार इंच ऊंचा हो गया है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क और फुटपाथ के स्तर में असमानता होने के कारण कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। उनका कहना है कि यदि सड़क का निर्माण फुटपाथ के लेवल के अनुरूप किया जाता तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती।
रहवासियों ने निर्माण कार्य की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले सड़क किनारे पावर ब्लॉक लगाए गए और उसके कुछ समय बाद डामरीकरण कर दिया गया। यदि डामरीकरण पहले किया जाता और उसके बाद पावर ब्लॉक लगाए जाते, तो सड़क और फुटपाथ के बीच ऊंचाई का अंतर नहीं आता।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क और फुटपाथ के स्तर को समान करने तथा समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।



