स्कूलो में पानी की किल्लत से विद्यार्थी हो रहे परेशान: आयोग ने लिया संज्ञान

जबलपुर दर्पण। जिले के बेलखाडू संकुल के अंतर्गत कई शासकीय स्कूलों में बच्चों को शुद्ध पेयजल नहीं मिलने का मामला सामने आया है। स्कूलों में पेयजल नहीं मिलने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्वच्छता के लिये हाथ धोने के साथ-साथ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बच्चों को परेशानी हो रही है। कई बच्चे घर से पानी लाने को मजबूर है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की जबलपुर स्थित शिकायत प्रकोष्ठ कार्यालय प्रभारी सुश्री फरज़ाना मिर्ज़ा ने बताया कि, समाचार पत्र में छपे समाचार के आधार पर मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल के कार्यकारी अध्यक्ष मनोहर ममतानी तथा राजीव कुमार टण्डन की युगलपीठ ने गंभीर मामला मानकर, कलेक्टर जबलपुर को निर्देशित किया है कि मामले की जांच कराकर पीएचई एवं स्कूल शिक्षा विभाग में व्यवस्था के संबंध में स्थित विवाद का निराकरण कराकर विद्यार्थीयों को जल सुविधा उपलब्ध कराकर तीन सप्ताह में जवाब आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।



