जरूरतमंदों तक मदद पंहुचाने के कार्य में लगे स्वयंसेवक

महामारी से बचने के उपाय और सोशल डिस्टेंसिंग प्रति कर रहे जागरूक
मण्डला- आज पूरे भारतवर्ष में वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खतरे से बचने हेतु लॉकडाउन घोषित है। लॉकडाउन और महामारी के कारण उपजी परिस्थितियों से निपटने जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य प्रशासनिक अमला दिन-रात सेवाएं दे रहा है। आपातकाल जैसी परिस्थितियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मण्डला एवं बिछिया क्षेत्र के सभी 11 खंड के 39 उपखंड अंतर्गत 143 मण्डलों एवं 5 नगर की 20 बस्तियों के स्वयंसेवक भी टोली बना कर लोगों की सहायता और महामारी के प्रति जागरूक करने में जुट गए हैं। जरूरतमंद लोगों को सहायता के लिए खण्ड स्तर पर हेल्पलाइन नम्बर जारी किये गए हैं जिसके माध्यम से लोगों को सही जानकारी और त्वरित मदद दी जा रही है। नगरीय व खंण्ड केंद्र के स्वयंसेवकों की टोलियाँ अपने क्षेत्र में घर-घर जा कर अनाज एवं अन्य जरूरत की वस्तुओं का संग्रहण कर उसे जरूरतमंद क्षेत्रों में बस्ती तथा उपखण्ड, मण्डल केंद्रों के माध्यम से ग्राम केंद्रों तक पहुचाने का कार्य कर रहे हैं। ग्रामो व नगर की बस्तियों में कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वे कर जरूरतमंद परिवारों की सूची बनाने का कार्य कर रहे हैं। कोरोना महामारी से बचने में मास्क की उपयोगिता को देखते हुए स्वयंसेवकों द्वारा मास्क निर्माण एवं वितरण किया जा रहा है। जागरूकता के लिए लोगों को दूरी बनायें रखने और दुकानों में रेखांकन का कार्य कर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों के पालन किये जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जरुरतमंदों की सेवा में जुटा सेवा भारती
सेवा भारती द्वारा नागपुर, भोपाल, जबलपुर से पैदल यात्रा कर आये हुए मजदूरों की भोजन व्यवस्था कर उनके निज निवास गांव तक पहुँचाने की व्यवस्था की गई। सेवा भारती कन्या छात्रावास की रसोई को सामाजिक रसोई में बदल दिया गया था जहाँ से प्रतिदिन दोनों वक्त में 100 भोजन पेकेट बना कर पंहुचाने का कार्य किया गया। वर्तमान में सेवा भारती द्वारा समाज से अनाज संग्रहण कर जरूरतमंद तक वितरित करने का कार्य किया जा रहा है जिसमे अनाज के साथ अन्य उपयोगी सामान जैसे साबुन, तेल, नमक आदि रख कर थेली पंहुचाई जा रही है। साथ ही सेवा भारती द्वारा बड़ी संख्या में मास्क और सेनेटाईजर वितरण भी किया गया है।
राष्ट्रसेवकों का सम्मान
कोरोना महामारी से बचने के लिए सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर रखा है और लोगों से घरों में ही रहने कहा जा रहा है, देश के लोगों को अपने घरों में सुरक्षित रखने स्वास्थ्य विभाग, सुरक्षाकर्मी, डाकविभाग, बैंक कर्मी सहित अन्य प्रशासनिक अमला महामारी के खतरे के बीच भी अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा है एसे सभी राष्र्ट्सेवकों को स्वयंसेवक पुष्प द्वारा सम्मानित कर उनके कार्यों के प्रति आभार ज्ञापित कर रहे हैं।



