मतदाता सूची और ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन

ढीमरखेड़ा जबलपुर दर्पण। मतदाता सूची में गड़बड़ी और ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और महामहिम राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।इससे पूर्व आस्था प्लाजा स्थित अस्थाई कार्यालय में कांग्रेसजन हाथों में “वोट चोर गद्दी छोड़ो” की तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मतदाता सूची में जमकर हेरफेर कर सत्ता हथियाई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही वोटो की चोरी के सबूत देश के सामने रख चुके हैं और आज पूरा देश “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे से गूंज रहा है।जिला ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी आरक्षण को लेकर डबल गेम खेल रही है और अपनी नीति स्पष्ट नहीं कर पा रही। वहीं प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक सुनील मिश्रा ने कहा कि सरकार द्वारा जारी अधिसूचना स्वयं कानून के विपरीत है, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई है।इस अवसर पर ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सुनील मिश्रा, महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष माधुरी जैन, युवक कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांश अंशु मिश्रा, पिछड़ा वर्ग ग्रामीण अध्यक्ष सुनील कुशवाहा सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



