मेडिकल अधीक्षक को ज्ञापन, बीमा कटौती के नियमों में भिन्नता से कर्मचारी परेशान

जबलपुर दर्पण । लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष रविन्द्र राय ने नेताजी सुभाष चन्द मेडिकल कॉलेज में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मेडिकल अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कर्मचारियों के बीच बीमा कटौती के नियमों में भिन्नता के कारण भारी रोष व्याप्त है। कुछ कर्मचारियों की बीमा कटौती 100 रुपये तो कुछ की 258 रुपये की जा रही है, जबकि कई कर्मचारियों की बीमा कटौती ही नहीं की जा रही है। इस असमानता के कारण दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।संघ ने अधीक्षक से आग्रह किया कि वे छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर नियमित रूप से परामर्शदात्री समिति की बैठक का आयोजन करें, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। साथ ही, संघ ने शासन के नियमानुसार सेवानिवृत्त कार्यक्रम हेतु अनुदान राशि की व्यवस्था करने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे आन्दोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान संभागीय अध्यक्ष विपिन पीपरे, प्रमोद कुमार, ओमप्रकाश पनगरहा, सुनील पाठक, विकास डहेरिया, राजेश भारद्वाज, सुनील सुनी पंडित, नीलम यादव, गनेश अहिरवार, अनिल समुद्रे, रागिनी रानी, अभिजीत सिंह ठाकुर, हेमराज सेन, दीपिका जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



