युवा संघर्ष समिति ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, अश्लील सामग्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग

जबलपुर दर्पण । युवा संघर्ष समिति के सदस्यों ने आज एक ज्ञापन कलेक्टर महोदय को सौंपा, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनचाही और अश्लील सामग्री के प्रसार पर गंभीर चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में समिति ने कहा कि आजकल यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हर व्यक्ति अपने मोबाइल के माध्यम से कंटेंट देखता है, जिनमें विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन क्लासेज का भी उपयोग किया जा रहा है। समिति का कहना है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर ऑटो मोड होने के कारण अचानक अनावश्यक अश्लील वीडियो और सामग्री आ जाती है, जिसका युवा वर्ग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। समिति ने यह भी कहा कि कई बार यह अश्लील कंटेंट बच्चों और किशोरों द्वारा देखा जाता है, जिससे वे अपनी पढ़ाई में ध्यान नहीं दे पाते और पोर्न साइट्स पर जाना शुरू कर देते हैं। इसके परिणामस्वरूप नाबालिग युवाओं में अपराधों की प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं और असामाजिक गतिविधियाँ फैल रही हैं। समिति ने अपने ज्ञापन में सरकार से तत्काल इस प्रकार की अश्लील सामग्री और साइट्स पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है और इस पर कड़ी कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के सदस्य जी एस ठाकुर, अशोक रोहितास, तरुण रोहितास, राजेंद्र चौधरी, भूरा पहलवान, नितिन मलिक, आशीष महोबिया, विकास चौधरी, राजेश मार्वेकर, लोकेश अहिरवार और दीपक चौधरी उपस्थित थे।


