जिला एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा
प्रतिबंधात्मक अमानक पॉलीथिन संग्रह, क्रय-विक्रय करने वाले व्यापारियों के विरूद्ध की गयी कार्रवाई की
जबलपुर दर्पण। शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के परिपालन में जिला एवं निगम प्रशासन के संयुक्त कार्रवाई में दमोह नाका स्थित बालाजी कम्पनी के गोडाउन में छापेमारी कर प्रतिबंधात्मक पॉलीथिन का संग्रह क्रय एवं विक्रय करने वाले व्यापारी के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई की गयी थी। इस कार्रवाई की चर्चा और सराहना देश की राजधानी दिल्ली और मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी की जा रही है। कलेक्टर डॉं. इलैयाराजा टी एवं निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन एवं अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा की अगुवाई में की गई। कार्रवाई के दौरान विगत दिवस 76 टन पॉलीथिन का विनिष्टिकरण कठौंदा स्थित प्लांट में कराया गया साथ ही बालाजी ट्रॉंसपोर्ट कम्पनी के संचालक पर 1 लाख का जुर्माना भी लगाया गया था। इस बड़ी कार्रवाई की सराहना दिल्ली शहरी स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव श्री निकुंज श्रीवास्तव के द्वारा टवीट्र के माध्यम से कार्रवाई की प्रशंसा की गई है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा अमानक प्रकार की पॉलीथिन संग्रह, क्रय-विक्रय करने पर प्रतिबंध लगाया गया है, तबसे जिला एवं निगम प्रशासन के द्वारा लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के अंतर्गत शहर भर में दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में भी आकस्मिक रूप से छापेमारी कर कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा सभी व्यापारियों एवं गणमान्यजनों से भी अपील की है कि पॉलीथिन का उपयोग किसी भी स्थिति में हानिकारक है, इससे बचने के लिए कपड़े की थैलियों का ही उपयोग करें।
गौरतलब है, कि विगत दिवस की कार्रवाई के दौरान नगर निगम की ओर से अपर आयुक्त वित्त महेश कुमार कोरी, स्वास्थ्य अधिकारी भूपेन्द्र सिंह के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौके पर दिनभर उपस्थित रहे।



