मासूम के साथ छेड़छाड़ से आक्रोश दुकानें बंद रखकर विरोध जताया

दमोह जबलपुर दर्पण । दमोह जिले के पथरिया में सोमवार रात एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ की घटना से नगर में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को पथरिया को बंद रखा गया है। साथ ही संजय चौराहे पर जाम लगा भी लगाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की समझाइस आश्वासन के बाद जाम खोला गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार पथरिया नगर में रात करीब 9:30 बजे बच्ची चाट लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी पुराने एसबीआई की गली के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन खींचने की कोशिश की। बच्ची ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी के हाथ पर नाखून मारकर खुद को छुड़ाया और भागकर घर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर घटना हुई, उसके पास अवैध रूप से शराब की बिक्री होती है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों को भी सूचित किया और पथरिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जैसे ही यह खबर फैली जैन समाज सहित सभी समाजों के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना के पीछे शराब माफिया की भूमिका होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि नगर में खुलेआम अवैध शराब बिक्री हो रही है जिससे अपराधों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। पुलिस ने रात में ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घटना के विरोध में जैन समाज ने मंगलवार को नगर बंद का आह्वान किया।
रात में ही अनाउंसमेंट कर दिया गया और मंगलवार को पूरा नगर बंद रहा।



