वोटर वेरिफिकेशन और वोट चोरी के आरोप पर कांग्रेस का प्रदर्शन

सिवनी जबलपुर दर्पण । चुनाव आयोग पर पक्षपात और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने आज नगरपालिका सिवनी परिसर के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
दरअसल, वोटर वेरिफिकेशन और कथित वोट चोरी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों द्वारा निर्वाचन आयोग तक पैदल मार्च निकाला जा रहा था। कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने “चोर चुनाव आयोग” के समर्थन में विपक्षी नेताओं को जबरन रोका और गिरफ्तार कर लिया।
सिवनी में हुए इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार और चुनाव आयोग मिलकर जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में काले झंडे लेकर और “तानाशाही बंद करो” के नारे लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने कहा कि यह संघर्ष लोकतंत्र की रक्षा के लिए है और कांग्रेस हर मंच पर जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।



