लो वोल्टेज से ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा आ रही समस्या

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले में विद्युत लाईनों में हो रहे फाल्ट के कारण विद्युत सप्लाई घंटो ठप्प हो जाना अब आम बात हो चुकी है। बिजली की खपत जिस अनुपात से बढ़ रही है उसी के अनुसार फाल्ट भी लगातार बढ़ रहा है। विद्युत लाईनोंं के साथ ही ट्रांसफार्मरों में भी फाल्ट की समस्या बढ़ रही है। विद्युत सप्लाई जब भी ठप्प हो जाती है विद्युत वितरण केंद्र के अमले का जवाब होता है कि मुख्य लाईन या फिर ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने के कारण बिजली की सप्लाई ठप्प हो गई है। शहरी क्षेत्र में तो कुछ घंटे बाद फाल्ट की समस्या दूर हो जाती है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में फाल्ट कब दूर होगा इसको लेकर पूरी तरह से अनिश्चितता बनी रहती है। बिजली की संकट को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार गहरा रहा है। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी विद्युत लाइनों में फाल्ट एवं ट्रांसफामरों की खराबी बताकर बिजली की बेतहासा कटौती इन दिनों कर रहे हैं। स्थिति यह है कि शहरी क्षेत्र में ही फाल्ट के बहाने दिन के समय कई घंटे कटौती विभिन्न फीडरों में की जा रही है। दिन के समय कई घंटे बिजली की सप्लाई बंद होने से लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति तो बिजली संकट को लेकर काफी गंभीर है। ग्रामीण क्षेत्रों को 10-12 घंटे बिजली की सप्लाई ही की जा रही है। मांग एवं आपूर्ति में कुछ अंतर आने के कारण विभाग द्वारा अघोषित कटौती विभिन्न कारणों से की जा रही है। विद्युत वितरण कंपनी सीधी के अधिकारी बिजली की सप्लाई सही न होने के संबंध में गोलमाल जवाब देते हैं। ऐसा आभास होता है कि उनके द्वारा बिजली की अघोषित कटौती पूरी तरह से लाइन फाल्ट पर ही थोपी जा रही है। बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार मचा हुआ है। चर्चा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ लोगों ने बताया कि दिन के समय बिजली की उपलब्धता काफी कम होती हैं। यह अवश्य है कि कुछ समय के लिए बिजली के दर्शन होते हैं। बिजली आने के कुछ समय बाद ही फिर से गुल हो जाती है। रात के समय बिजली ज्यादा रहती है। हल्की बारिश शुरू हुई तो रात में भी बिजली की सप्लाई ठप्प हो जाती है। उस दौरान विद्युत वितरण केन्द्रों के अधिकारी यही जवाब देते हैं कि 11 हजार केव्ही लाइन के फाल्ट हो जाने के कारण बाहर से ही बिजली की सप्लाई बंद हो गई है। लाइन का फाल्ट सुधार आने पर बिजली की सप्लाई शुरू हो जाएगी। विद्युत वितरण कंपनी के बड़े अधिकारी सीधी जिले में बिजली की बनी समस्या को लेकर पूरी तरह से मूकदर्शक बने हुए हैं। उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सही करने के लिए कोई भी सार्थक कार्य नहीं कराया जा रहा है। बड़े अधिकारियों से इस मामले में जब भी शिकायत होती है उनका यही कहना होता है कि फाल्ट के कारण यह समस्या बनी हुई है। जिन क्षेत्रों में विद्युत लाइनों में ज्यादा फाल्ट आ रहा है वहां के लिए अलग से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की कार्यवाही की जा रही है। बड़े कार्यालय से इसमें जब स्वीकृति मिलेगी विद्युत लाइन का कार्य भी सही करा लिया जाएगा। बिजली की ताबड़तोड़ कटौती इन दिनों होने के कारण सभी लोग परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि दिन के समय तो किसी तरह समय गुजर जाता है लेकिन रात में यदि बिजली न मिली तो रात जागरण करने की मजबूरी निर्मित हो जाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मच्छरों का प्रकोप लगातार बढऩे के कारण पंखा एवं कूलर न चलने पर लोगों को चैन से सोना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की जिस तरह से समस्या दो महीने से बनी हुई है उसके कारण लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।



