कलेक्टर ने जॉय सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल के प्रबंधक व प्राचार्य से किया स्पष्टीकरण तलब

जबलपुर।कलेक्टर भरत यादव ने जॉय सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल विजयनगर के प्रबंधक और प्राचार्य से फीस के संबंध में अभिभावक के साथ बातचीत के सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के संबंध में तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
स्पष्टीकरण देने के लिये कलेक्ट्रेट कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि 23 जून से सोशल मीडिया पर जॉय सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल विजयनगर की प्राचार्य और अभिभावक के बीच चर्चा के दौरान, पूरी फीस जमा करने के संबंध में बहस की जा रही है। जिसमें आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग भी किया जा रहा है, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चल रहा है।
कलेक्टर श्री यादव ने प्रबंधन को जारी पत्र में उल्लेखित किया है कि, राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देशित किया था कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिये अशासकीय विद्यालयों द्वारा लॉकडाउन अवधि में मात्र शिक्षण शुल्क प्रभारित किया जा सकेगा, इसके अतिरिक्त अन्य किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जायेगा। लेकिन राज्य शासन द्वारा तदाशय का आदेश जारी करने के बाद भी आपके द्वारा अभिभावक पर पूरी फीस जमा करने का दबाब दिया जा रहा है। इसलिये इस संबंध में तीन दिन के भीतर संस्था अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे।



