पंडा ने किया महिला से दुष्कर्म

जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में एक नारियल लेकर घरेलू जटिल समस्याओं का समाधान करने वाले पंडा ने एक महिला के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। महिला ने जब विरोध किया तो आरोपित पंडा ने वीडियो दिखाकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि पंडा का यह वीडियो वायरल हो गया था, इसके बाद महिला ने तंग होकर मामले की शिकायत संजीवनी नगर थाने में दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपित पंडा को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संजीवनी नगर थाने के एसआइ सचिन वर्मा ने बताया कि 52 वर्षीय महिला घरेलू समस्याओं से बहुत परेशान थी। उसका परिचय लगभग 5 साल पहले गढ़ा क्षेत्र में एक नारियल लेकर समस्याओं का समाधान करने वाले पंडा संजय उपाध्याय से हुआ। संजय ने महिला की समस्या सुनी और फिर उसका पूजा पाठ से उपचार कराने का दावा करता रहा। महिला जब भी परेशान होती थी वह पंडा के पास पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराने के लिए पूजा पाठ कराने को कहती। पंडा भी उससे रुपये लेकर पूजा करा देता था। महिला की समस्याएं कुछ कम हुई, तो उसका पंडा पर विश्वास बढ़ गया। वर्ष 2019 नवंबर में महिला परेशानी लेकर पंडा के दरबार पहुंची। पंडा संजय ने उसे अपनी बातों में बहलाया और फिर उसके साथ आश्रम में ही दुष्कर्म कर दिया। दुष्कर्म करते हुए पंडा ने बिना उसे बताए वीडियो भी बना लिया था।
महिला ने मामले की शिकायत थाने में करने की बात कहीं, जिसपर पंडा संजय ने उसे वीडियो दिखाया। वीडियो को देखकर महिला देखकर दंग रह गई और बदनामी के डर से उसने शिकायत नहीं की। महिला को पता चला कि वीडियो वायरल हो गया है, इसके बाद उसने थाने में शिकायत की।



