डॉ. पुरुषोत्तम तिवारी की पुस्तक “नैमिषारण्य : जहाँ समय चक्र ठहर गया” का विमोचन 14 अक्टूबर को

जबलपुर दर्पण । हिन्दू धर्म के पवित्र तीर्थ नैमिषारण्य पर आधारित डॉ. पुरुषोत्तम तिवारी की कृति “नैमिषारण्य : जहाँ समय चक्र ठहर गया” का भव्य विमोचन समारोह 14 अक्टूबर 2025 को शाम 5 बजे, होटल गुलज़ार, महानद्दा, जबलपुर में आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगे वेद व्यास धाम नैमिषारण्य के पीठाधीश्वर वेद व्यास पंडित अनिल कुमार शास्त्री, जो नैमिषारण्य के ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्त्व पर विशेष व्याख्यान देंगे।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसके संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम तिवारी हैं। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती अर्चना तिवारी एवं राष्ट्रीय सचिव श्रीमती अभिलाषा सप्रे भी उपस्थित रहेंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों से इस समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
डॉ. तिवारी की यह कृति नैमिषारण्य की दिव्यता, उसकी पौराणिक परंपरा, आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का गहन अध्ययन प्रस्तुत करती है। नैमिषारण्य वह पुण्यभूमि मानी जाती है जहाँ देवताओं और ऋषियों ने यज्ञ सम्पन्न किए, अनेक महापुराणों की रचना हुई और जहाँ भगवान सत्यनारायण कथा का प्रारंभ हुआ। मान्यता है कि यहीं समय का चक्र थम गया था, इसलिए इसे “अनंत तीर्थ” कहा जाता है।
यह विमोचन समारोह न केवल साहित्यिक और धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक जागरण और आध्यात्मिक प्रेरणा का भी एक महत्त्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।




