ट्रैक्टर पलटने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले में धान मिजाई के दौरान हुए एक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह घटना रविवार देर रात अमिलिया थाना क्षेत्र के ग्राम चितवरिया नंबर 3 में घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में धान की मिजाई के लिए एक ट्रैक्टर-थ्रेशर मशीन ले जाई जा रही थी। रास्ते में एक मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर चार किशोर सवार थे, जिनमें से दो बाल-बाल बच गए, जबकि दो उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चितवरिया नंबर 3 निवासी 16 वर्षीय अनीश पटेल (पिता अवधेश पटेल) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, 10 वर्षीय अजय पटेल (पिता बंश बहोर) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और पंचायत को सूचित किया। सूचना मिलने पर पूर्व सरपंच रामविलास पटेल और ग्राम रोजगार सहायक संदीप तिवारी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी अजीत पांडे ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। शव को सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।



