मनमोहन नगर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने व्यक्त किया शोक
जबलपुर दर्पण । मनमोहन नगर अस्पताल में घटित हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद प्रदान करने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि “इस हादसे में दो मासूम बच्चों का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। घटना की जानकारी मिलते ही मैंने मुख्यमंत्री जी से त्वरित चर्चा की और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया।”
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर कलेक्टर को तत्काल पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक ने कहा कि इस लापरवाही में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।



