भारतीय किसान संघ द्वारा कृषि बजट सुझावों में दी गई मांग को केंद्र सरकार ने किया पूरा

जबलपुर दर्पण । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि विश्वविद्यालयों में 85% तक खाली फैकल्टी पदों व संस्थानों की ग्रेडिंग और अन्य खाली पद भरने के निर्देश आईसीएआर महानिदेशक को दिए जाने का देश के सबसे बड़े किसान संगठन भारतीय किसान संघ ने स्वागत किया। किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कृषि मंत्री को लिखित धन्यवाद पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार और कृषि मंत्री का आभार जताया। श्री मिश्र ने बताया कि कृषि विश्वविद्यालयों में खाली पदों को भरने की मांग को लेकर अनेक बार बजट पूर्व भेजे सुझावों में केंद्र सरकार से मांग की गई थी कि लंबे समय से देश भर के विश्वविद्यालयों में फैकल्टी व अन्य पद खाली हैं जिसके कारण शैक्षणिक, शोध आदि अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
खाली पद शीघ्र भरने आईसीएआर महानिदेशक को दिए निर्देश
जिसको लेकर पूसा में आयोजित हुए राष्ट्रीय छात्र सम्मेलन कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में चिंता जताई कि कृषि शिक्षा कें जुड़े कई पद खाली पड़े है, उन्होंने बेहतर कृषि शिक्षा के लिए सभी खाली पद शीघ्र भरने के निर्देश आईसीएआर महानिदेशक को दिए, साथ ही कहा कि सुचारू कृषि शिक्षा और राज्यों में विश्वविद्यालयों व आईसीएआर के कॉलेजों में खाली पड़े सभी पद शीघ्र भरने के लिए वे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र भेजेंगे और वहां के कृषि मंत्रियों से भी चर्चा करेंगे।
कृषि छात्रों के भविष्य का रखा जाएगा ध्यान
केद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि कृषि के छात्र-छात्राओं के भविष्य से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बनाई गई नई शिक्षा नीति के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा प्रदान करना बहुत जरूरी है। श्री शिवराज सिंह ने कमियों को दूर करने के लिए कृषि छात्रों से टीम बनाकर सुझाव देने की बात कही। इस अवसर पर देश भर के कृषि छात्रों के साथ केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी वर्चुअल उपस्थित रहे।


