“मुस्कान विशेष अभियान” के तहत पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों में चलाया जनजागरूकता अभियान

कटनी जबलपुर दर्पण । मुख्यमंत्री की मंशानुसार तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 1 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक “मुस्कान विशेष अभियान” पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं बच्चों में सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा सामाजिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना बहोरीबंद अंतर्गत जेपीजी हायर सेकेंडरी स्कूल बहोरीबंद में थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या या शोषण की स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शाला सिंनगौडी एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय परसेल थाना उमरिया पान में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर अनुचित सामग्री साझा करने के दुष्परिणाम के बारे में जागरूक किया।
थाना माधवनगर क्षेत्र के कैरिन लाइन मिडिल स्कूल में उप निरीक्षक नवीन नामदेव ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत विद्यार्थियों को सुरक्षा एवं आत्मरक्षा से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
थाना कुठला क्षेत्र के शासकीय स्कूल पुरैनी तथा थाना रंगनाथ नगर क्षेत्र के सर्वोदय स्कूल में भी “मुस्कान जागरूकता अभियान” के तहत बच्चों को बाल संरक्षण अधिनियम, आत्मरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
थाना बड़वारा अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय रोहनिया में पुलिस ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध कानून एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर सजग किया।
वहीं थाना ढीमरखेड़ा क्षेत्र के पद्मा पब्लिक स्कूल में भी “मुस्कान विशेष अभियान” के तहत विद्यार्थियों को बाल अपराधों से सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा एवं आत्मरक्षा की उपयोगी जानकारी दी गई।
अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले के हर बच्चे और बालिका को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा कानूनी सहायता के विकल्पों की पूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके।



