सूर्या हॉफ मैराथन के तीसरे संस्करण में दिखा जज्बा

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । मुख्यालय मध्य कमान के तत्वावधान में जबलपुर के मध्य भारत एरिया द्वारा 16 नवंबर 2025 को मध्य प्रदेश के कोबरा ग्राउंड से सूर्या हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्य भारत और जबलपुर के नागरिकों की प्रतिभा को निखारने और उनकी सकारात्मक ऊर्जा को निर्देशित करने के लिए एक गतिशील मंच प्रदान करता है। सूर्या हॉफ मैराथन का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, मध्य कमान और श्रीमती रुचिरा सेनगुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्षा आवा, मध्य कमान के साथ–साथ लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मध्य भारत एरिया, श्रीमती राजलक्ष्मी शेखावत, जोनल अध्यक्षा आवा, मध्य भारत एरिया, श्रीमती सुनीता गोदारा, अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक और जबलपुर के मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मैराथन की प्रत्येक श्रेणी को कोबरा ग्राउंड से अलग-अलग समय पर शुरू किया गया, जिसे लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता, श्रीमती रुचिरा सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत श्रीमती राजलक्ष्मी शेखावत और जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित शहर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा झंडी दिखाकर शुरू किया गया । विभिन्न आयु समूहों और श्रेणियों के उत्साही धावकों ने जबलपुर शहर के हरे-भरे वातावरण में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर व 3 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। प्रत्येक श्रेणी में पोडियम फिनिशरों को कुल 15 लाख रुपये के पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। सूर्या हाफ मैराथन के लिए ओपन श्रेणी में एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ प्रथम स्थान कृष्णाराम (पुरुष वर्ग) और भारती यादव (महिला वर्ग) ने जीता। 10 किलोमीटर दौड़ के लिए पचास हजार रुपये का नकद पुरस्कार हर्षपुरी गोस्वामी (पुरुष वर्ग) और डिंपल सिंह (महिला वर्ग) ने ओपन श्रेणी में जीता और 5 किलोमीटर के लिए बीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार जोगिंदर सिंह (पुरुष वर्ग) और पूजा यादव (महिला वर्ग) ने जीता । इसके अतिरिक्त प्रत्येक आयु वर्ग और दौड़ श्रेणी में सभी विजेता प्रतिभागियों को लाखों के पुरस्कार वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों को उनकी प्रतिस्पर्धी भावना को पहचानते हुए फिनिशर मेडल प्रदान किए गए। भारतीय सेना की माइक्रोलाइट टीम ने हवाई कर्तव् दिखते हुए धावकों और दर्शकों के ऊपर पुष्प वर्षा करते हुए सभी उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन भी किया। धावकों के लिए हथियारों और उपकरणों की प्रभावशाली श्रृंखला भी प्रदर्शित की गई । सूर्या हाफ मैराथन कार्यक्रम को और रोमांचित बनाते हुए सेना के जवानों ने अपनी वीरता का प्रदर्शन हाई हॉर्स डिस्प्ले और मार्शल आर्ट्स रूटीन करतबों के माध्यम से किया, जो भारतीय सेना की शक्ति और साहस को दर्शाता है। इस प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और अद्वितीय कौशल को भी प्रदर्शित किया। जरूरतमंद धावकों के लिए फिजियोथेरेपी और तत्काल चिकित्सा उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई थीं।मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, मध्य कमान ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह वास्तव में गर्व का क्षण है, जो सशस्त्र बलों का ऐसे कार्यक्रमों के द्वारा फिटनेस के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करते हुए सभी क्षेत्रों के प्रतिभागियों को ऐसे कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित भी करता है । इस वर्ष सूर्या हाफ मैराथन को “ऑपरेशन सिंदूर” में वीरता से लड़ने वाले हमारे बहादुर सैनिकों को समर्पित किया जा रहा है। इस आयोजन का थीम है अपनी आत्मा को उत्साहित करो और उनके साहस का सम्मान करो” अर्थात “अपने उत्साह को प्रज्वलित करें और उनकी वीरता को सम्मान दें”। इस आयोजन का उद्देश्य सभी वर्ग के नागरिकों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देना है। सूर्या हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण में जबलपुर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के साथ–साथ देश भर से विभिन्न आयु समूहों के लगभग 10,000 प्रतिभागियों ने दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैनिकों, फिटनेस उत्साही, एनसीसी कैडेट्स, महिलाएं, स्कूली बच्चे, जबलपुर के नागरिकों ने स्वेच्छा से मैराथन में भाग लेकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति अपनी रुचि दिखाई । इसके साथ ही मध्य प्रदेश प्रशासन, पुलिस एवं शहर के जाने माने लोगों एवं नागरिकों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की । परिणामस्वरूप जबलपुर और देश भर के युवाओं और नागरिकों द्वारा प्रदर्शित उत्साह और जोश पूरे मैराथन के रुट में गूंजता रहा और कार्यक्रम के दर्शकगण भी काफी उत्साही रहे। सूर्या हाफ मैराथन का तीसरा संस्करण एक बड़ी सफलता बना, तथा आयोजन के अंत में लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने सभी प्रायोजकों, मीडिया कर्मियों, जबलपुर प्रशासन तथा शहर के गणमान्य लोगों एवं नागरिकों की प्रशंसा की. इस मैराथन को अंतरराष्ट्रीय मैराथन कैलेंडर में भी शामिल किया जा चुका है जिसकी वजह से अब यह इवेंट जबलपुर शहर में हर साल नवम्बर के तीसरे सप्ताह में भविष्य में भी आयोजित किया जाता रहेगा ।



