आग से झुलसे युवक की मौत

मैहर के रिगरा गांव में पेट्रोल डालकर जलाए गए युवक विकास तिवारी की संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है, वहीं पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
“सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पीड़ित का बयान”
घटना के बाद विकास तिवारी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने कुछ लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। अब जब उसकी मौत हो चुकी है, तो सवाल उठता है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
“मृतक का परिवार डरा-सहमा, पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल!”
वरिष्ठ समाजसेवी महेश तिवारी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मृतक के परिवार में भय का माहौल है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने में विफल नजर आ रहा है। आरोपियों का संबंध शराब कारोबार से जोड़ा जा रहा है, जिससे पुलिस की निष्क्रियता पर और भी सवाल खड़े हो रहे हैं। “जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र होगा विरोध!” महेश तिवारी ने साफ कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कल ही नेशनल हाइवे में जनआंदोलन होगा, और इसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी। तिवारी ने सर्वसमाज से अपील की है अन्याय और अपराध की जंग में आप सब साथ आए ताकि राजनीतिक दबाव में आरोपियों को बचाने का षड्यंत्र न रचा जाए, निष्पक्ष जांच में हकीकत सामने आ जायेगी!
अब देखना यह है कि क्या पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करती है या फिर इस गंभीर मामले को भी फाइलों में दफना दिया जाएगा?



