पुंगी बजाते विवि पहुंचे एनएसयूआई कार्यकर्ता

जबलपुर दर्पण। जबलपुर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया जब भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष सचिन रजक एव प्रदेश सचिव राहुल यादव के नेतृत्व में अचानक विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे और कार्यपरिषद की चल रही बैठक के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र-कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पुंगी बजाते हुए मुख्य परिसर से कक्ष की ओर बढ़े। उनके अचानक प्रवेश से प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में पिछले दो वर्षों से छात्र-सुविधाओं में लगातार कटौती की जा रही है और कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की प्रशासनिक स्थिति पूर्णतः चरमरा गई है। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय का पूरा वातावरण अव्यवस्थित है, परीक्षा प्रबंधन से लेकर विभागीय सुविधाओं तक हर स्तर पर घोर लापरवाही व्याप्त है, जिसका सीधा असर छात्रों की शैक्षणिक यात्रा पर पड़ रहा हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने “बचत” के नाम पर खेल, तकनीकी शिक्षा, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर लैब और छात्र-कल्याण से जुड़ी सभी सुविधाओं को सीमित कर दिया है। युवा उत्सव में विश्वविद्यालय ने छात्रों को मूलभूत सुविधाएँ तक नहीं दीं—न चेंजिंग रूम, न रहने-खाने की सुविधा, और न ही समापन समारोह में प्रमाणपत्र, ट्रॉफी या मेडल का वितरण किया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि दो वर्षों से कंप्यूटर साइंस विभाग में न कंप्यूटर उपलब्ध हैं, न सॉफ्टवेयर, न लैब अपग्रेडेशन; कृषि संकाय में न प्रयोगशालाएँ बनी हैं, न प्रैक्टिकल फार्म की व्यवस्था की गई है; और पत्रकारिता विभाग का स्टूडियो जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है, जहाँ छत तक गिर चुकी है।
जबकि कुलगुरु के आवास पर हाल ही में हजारों रुपये की क्रॉकरी खरीदी गई, और प्रशासन “फंड की कमी” का हवाला देकर छात्रों की आवश्यकताओं को महीनों से टालता आ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन रजक, राहुल यादव, अनुज यादव, अपूर्व केशरवानी, मो.जीशान, प्रिन्स रजक, अभिषेक दहिया, हर्ष, दर्शित सराफ, अफील अहमद, सुमित पटेल, हर्ष मेहरा, राहुल विश्वकर्मा, अनिकेत तिवारी सहित भारी संख्या मे छात्र छात्राए उपस्थित रहे



