बडखेरी में ग्रामस्तरीय ग्रामोत्सव कार्यक्रम संपन्न

मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर संचालित “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश” अभियान एवं स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत विवेकानंद जयंती पखवाड़ा के अवसर पर विकासखंड पनागर के ग्राम बडखेरी में ग्रामस्तरीय ग्रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बडखेरी द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक भीम सेन ने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, स्वदेशी, नागरिक सेवा, शिक्षा एवं संस्कार जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके जीवन परिचय, बचपन व शिक्षा, रामकृष्ण परमहंस से भेंट तथा विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए ऐतिहासिक संबोधन की जानकारी दी। जन अभियान परिषद के परामर्शदाता मनोज प्रजापति ने बताया कि 12 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न आयामों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाना तथा शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना है। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज, जल संरक्षण एवं गौ संरक्षण जैसे विषयों पर ग्रामवासियों से संवाद किया गया। कार्यक्रम के उपरांत प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात शाला परिसर में ग्रामजनों की उपस्थिति में अशोक के पौधे का वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी पारस दाहिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष सतेंद्र यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि शुभम द्विवेदी, शिक्षिका ममता दुबे, सुलोचना महोबिया, अनिता दाहिया, लक्ष्मी चौधरी, गणेश दाहिया सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



