पुरानी रंजिश पर हत्या करने की नियत से कट्टे से फायर करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर दर्पण । थाना मझौली अंतर्गत ग्राम धनवाही में पुरानी रंजिश के चलते एक वृद्ध पर कट्टे से फायर कर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक कारतूस भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धनवाही निवासी मणिशंकर गौड़ (64) ने थाना मझौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी करता है। दिनांक 14 जनवरी 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे वह बीछी तिराहा स्थित छोटेलाल नाई की दुकान पर दाढ़ी बनवाने गया था। उसी समय दुकान के अंदर गांव का रोहित गौड़ मौजूद था, जिसकी कटिंग साहिल सेन कर रहा था।
आरोप है कि जैसे ही मणिशंकर गौड़ दुकान के अंदर पहुंचे, रोहित गौड़ ने उन्हें देखकर गाली-गलौज करते हुए “तेरी हत्या कर देता हूं” कहते हुए कमर से देशी कट्टा निकालकर उनके सिर की ओर फायर कर दिया। मणिशंकर गौड़ ने आत्मरक्षा में आरोपी के हाथ को धक्का दिया, जिससे गोली उनके कान के पास से निकलकर दुकान के कांच में जा लगी। इसके बाद जब वह जान बचाकर भागे तो आरोपी ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और मुंह पर मुक्का मार दिया, जिससे उनका सामने का दांत टूट गया।
पीड़ित ने बताया कि दिनांक 27 दिसंबर 2018 को आरोपी रोहित गौड़ ने अपने साथी अभिषेक गौड़ के साथ मिलकर उसके पुत्र रंजीत सिंह की हत्या कर दी थी। उसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने उसकी हत्या करने की नीयत से फायर किया और मारपीट की।
पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 109(1), 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा श्री आदित्य सिंघारिया (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझौली श्री नेहरू सिंह खंडाते के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा सरगर्मी से तलाश करते हुए ग्राम धनवाही में दबिश देकर आरोपी रोहित गौड़ पिता राजेंद्र गौड़, उम्र 26 वर्ष को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कट्टे को घर के पास मिट्टी में दबाकर छिपाना बताया। उसकी निशादेही पर एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी से हथियार की प्राप्ति के संबंध में आगे की पूछताछ जारी है।
सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मझौली श्री नेहरू सिंह खंडाते, उप निरीक्षक सत्यनारायण कुशवाह, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामजी, प्रधान आरक्षक दशेन्द्र दीक्षित, आरक्षक सुनील, रोहित, प्रतिमा शर्मा एवं सैनिक श्रीलाल पटेल की सराहनीय भूमिका रही।



