स्कूली छात्रों के भविष्य निर्माण हेतु पांच दिवसीय कैरियर मेले का हुआ आयोजन , शिक्षकों ने दिए अनुभव वाले टिप्स

मनीष श्रीवास कटनी जबलपुर दर्पण। बहोरीबंद विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल किरहाई पिपरिया में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने हेतु पांच दिवसीय कैरियर मेले का आयोजन किया गया। यह कैरियर मेला 27 जनवरी से 30 जनवरी तक नियमित विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य छात्रों को शिक्षा, कौशल एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान करना रहा।
कैरियर मेले का शुभारंभ 27 जनवरी को विद्यालय प्रभारी श्रीमती मनीषा बड़गैयाँ द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कैरियर काउंसलिंग का महत्व बताते हुए विभिन्न शैक्षणिक संकायों, उच्च शिक्षा के विकल्पों तथा स्थानीय उद्योगों की जानकारी छात्रों को दी।
पांच दिवसीय कैरियर मेले के दौरान विद्यार्थियों को कौशल शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उच्च शिक्षा के अवसरों, शासकीय सेवाओं, जीवन कौशल तथा भविष्य में मांग वाले विभिन्न कैरियर विकल्पों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रत्येक दिवस सम्माननीय अतिथियों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष एवं सफलता की कहानियों के माध्यम से छात्रों का मार्गदर्शन किया और उन्हें प्रेरित किया।
इस सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शाला प्रभारी श्रीमती मनीषा बड़गैयाँ के मार्गदर्शन में शिक्षक राहुल दुबे, अंकित नामदेव, राकेश हल्दकर एवं संजय पटैल द्वारा अतिथि शिक्षकों के सानिध्य में कैरियर मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कैरियर मेले से विद्यार्थियों में भविष्य को लेकर नई सोच और आत्मविश्वास का संचार हुआ।



