मेकलसुता कालेज में किया गया युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय स्थित मेकलसुता महाविद्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 पर गहन चर्चा एवं जागरूकता हेतु ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा संवाद में विद्यार्थियों को देश की आर्थिक दिशा और युवाओं के लिए बजट में निहित अवसरों से अवगत कराया। समारोह का प्रारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गान के साथ हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सुधीरदत्त तिवारी ने बजट सेमिनार एवं युवा संवाद की प्रासंगिकता और विद्यार्थियों के लिए इसके महत्व को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधराज बिलैया ने बजट के तकनीकी आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए बताया कि सरकार ने बुनियादी ढांचे के लिए 12.5 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय निर्धारित किया है और राजकोषीय घाटे को 4.5 प्रतिशत से नीचे लाने का लक्ष्य रखा है, जो भारत की आर्थिक सुदृढ़ता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि, यह बजट एक वर्षीय न होकर विकसित भारत 2024 का विजन है साथ ही “यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और नए भारत के निर्माण का रोडमैप है।” उन्होंने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनके द्वारा बजट की बारीकियों का अत्यंत सरल और प्रभावशाली विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।इस दौरान मेकलसुता महाविद्यालय के रजिस्ट्रार एवं शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक डॉ प्रदीप द्विवेदी सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र छात्रा मौजूद रहे।



