जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन के दोहरीकरण को स्वीकृति मिली, सांसद आशीष दुबे ने कहा- यह क्षेत्रीय विकास का नया अध्याय

जबलपुर दर्पण । केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गोंदिया-जबलपुर ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन के दोहरीकरण को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस आशय की मंजूरी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन का दोहरीकरण होने से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच एक सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। सांसद श्री दुबे ने कहा कि अभी इस मार्ग पर एक ही लाईन होने से सीमित संख्या में यात्री और मालवाहक गाडियों का परिचालन संभव था लेकिन रेल लाईन का दोहरीकरण होने से बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक गाडियों का परिचालन संभव हो सकेगा और जबलपुर सहित बालाघाट, मंडला और सिवनी जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी सुधार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का तीव्र आर्थिक विकास होगा। सांसद श्री दुबे ने बताया कि वे अपने संसदीय कार्यकाल के प्रारंभ से ही इस दिशा में लगातार प्रयास करते रहे हैं। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव सहित संबंधित रेल्वे जोनों की बैठकों में भी उन्होंने इस विषय को गंभीरता के साथ उठाते हुए कहा था कि जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन का दोहरीकरण अतिशीघ्र किया जाना चाहिए।
पिछले वर्ष माननीय रेल मंत्री माननीय श्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद श्री आशीष दुबे को पत्र लिखकर जानकारी दी थी कि आपके जबलपुर संसदीय क्षेत्र में जबलपुर-गोंदिया रेल्वे लाईन के दोहरीकरण के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सांसद श्री दुबे ने बताया कि जबलपुर और गोंदिया के बीच रेल्वे लाईन के दोहरीकरण से अधिक यात्री गाडियों और मालवाहक गाडियों का संचालन हो सकेगा साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र को बहुत लाभ होगा। उन्होंने बताया कि रेल लाईन के दोहरीकरण से रामेश्वरम, मदुरै, अयोध्या धाम, वाराणसी, प्रयागराज आदि प्रमुख तीर्थ स्थलों से बेहतर कनेक्टिवटी मिल सकेगी वहीं कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, पेंच टाईगर रिजर्व, धुंआधार जल प्रपात, भेड़ाघाट आदि पर्यटन स्थलों तक यात्रियों की बेहतर पहुंच हो सकेगी।
सांसद श्री आशीष दुबे ने कहा कि इस रेल्वे लाईन के दोहरीकरण से विभिन्न पावर प्लांट, आयुध निर्माणियों और खदानों जैसे आर्थिक केंद्रों की क्षमता बढ़ने से आर्थिक लाभ होगा और लॉजिस्टिक लागत में प्रतिवर्ष 350 करोड़ रूपये की बचत हो सकेगी। उन्होंने आगे बताया कि रेल्वे लाईन के दोहरीकरण के बाद रेल्वे की प्रतिवर्ष 7.6 मिलियन टन माल परिवहन क्षमता बढ़ जायेगी और प्रतिवर्ष लगभग 16 करोड़ किलोग्राम सीओ2 की बचत होगी जो लगभग 63 लाख पेड़ लगाने के बराबर है।
सांसद श्री दुबे ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के लिये रेल कनेक्टिविटी, आर्थिक गतिविधि, पर्यटन और पर्यावरणीय लाभ की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे बताया कि दोहरीकरण परियोजना के कुल रूट की लंबाई 231 किमी. है और 5 वर्ष में पूर्ण होने वाली इस परियोजना की लागत 5236 करोड़ रूपये है। सांसद श्री दुबे ने कहा कि मुख्य रूप से मध्यप्रदेश के जबलपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया जिले को रेल्वे लाईन के दोहरीकरण का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का यह खण्ड गोंदिया में हावड़ा मुंबई हाई डेंसिटी नेटवर्क और जबलपुर में इटारसी-वाराणसी रूट से जुड़ता है और परियोजना के माध्यम से वाराणसी, प्रयागराज से चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद के लिये सबसे छोटा रेलमार्ग उपलब्ध हो सकेगा। सांसद श्री दुबे ने कहा कि इस परियोजना की आधारभूत विशेषता यह है कि परियोजना के निर्माण में 65 बड़े पुल, 369 छोटे पुल, 28 लेवल क्रॉसिंग सहित 88 रोड अंडर ब्रिज भी बनाये जाएंगे और साथ ही साथ जीवन दायिनी नर्मदा नदी पर भी एक बड़ा और महत्वपूर्ण पुल निर्मित किया जायेगा।
सांसद श्री दुबे ने कहा कि जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन के दोहरीकरण से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच ट्रेनों की गति बढ़ने के साथ-साथ यात्रियों के समय की बचत होगी और उन्हें आरामदायक रेल सेवा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि रेल्वे लाईन के दोहरीकरण से संबंधित क्षेत्रों के आर्थिक विकास के साथ-साथ रोजगार और व्यापार के अवसर बढेंगे, वहीं माल ढुलाई की क्षमता में वृद्धि होने से कोयला, सीमेंट, मैग्नीज सहित अन्य खनिजों का परिवहन भी आसानी से हो सकेगा। सांसद श्री दुबे ने कहा कि इसका एक अन्य लाभ नागपुर के व्यस्त रूट पर यात्रियों का दबाव कम होने के रूप में सामने आएगा जिससे ट्रेनों की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने और ईधन बचने के कारण यह परियोजना पर्यावरण के अनुकूल भी है।
सांसद श्री दुबे ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को जबलपुर संसदीय क्षेत्र के निवासियों की ओर से धन्यवाद देते हुए यह सौगात प्रदान करने के लिये आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि जब मैंने माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के सामने पिछले वर्ष जबलपुर-गोंदिया रेल्वे लाईन के दोहरीकरण की बात रखी थी तो माननीय श्री वैष्णव ने कहा था कि सर्वे कार्य पूरा होते ही रेल्वे लाईन के दोहरीकरण कार्य को मंजूरी प्रदान कर दी जायेगी। सांसद श्री आशीष दुबे ने जबलपुर संसदीय क्षेत्र के निवासियों को जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन के दोहरीकरण की स्वीकृति प्राप्त होने पर बधाई भी दी है। उन्होंने कहा है कि जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल्वे लाईन का दोहरीकरण क्षेत्रीय विकास के नये अध्याय का सूत्रपात है।



