नगर निगम के इतिहास में पहली बार अनुकम्पा प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही

जबलपुर दर्पण । नगर निगम ने संवेदनशीलता की एक नई मिसाल पेश की है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्यों डाॅं. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के प्रयासों से निगम के इतिहास में पहली बार एक साथ 37 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई। नियुक्ति पत्र पाकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे परिवारों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। निगम मुख्यालय में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान महापौर श्री अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्यों डाॅं. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी आश्रितों का मंच पर स्वागत किया। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सभी को बुके देकर और माला पहनाकर ससम्मान नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
महापौर श्री अन्नू ने कहा कि यह केवल सरकारी नियुक्ति नहीं है, बल्कि उन परिवारों के प्रति हमारा कर्तव्य है जिन्होंने निगम की सेवा करते हुए अपने प्रियजनों को खोया है। हम चाहते हैं कि हर पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे। इस मौके पर महापौर श्री अन्नू ने सभी को शुभकामनाएॅं देते हुए कहा कि नगर निगम बहुत अच्छी संस्था है आप सभी लोग ईमानदारी से काम करेगें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगें ऐसी उम्मीद मैं करता हूॅं।
निगमायुक्त श्री अहिरवार के निर्देशन में निगम ने रिकॉर्ड समय में काम किया। महज एक माह के भीतर आवेदनों का सूक्ष्म परीक्षण कर 37 आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश जारी किए गए, 10 अन्य कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक लाभ देने संबंधी आदेश दिए गए।
निगमायुक्त ने आश्वस्त किया है कि यह प्रक्रिया यहीं नहीं थमेगी। वर्तमान में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी तेज गति से कार्यवाही की जा रही है, ताकि शेष दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को भी जल्द से जल्द राहत मिल सके। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति मिलने के लिए शुभकामनाएॅं दी और ईमानदारी से काम करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ 47 दिवंगत कर्मचारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



