अपने कर्मठ अधिकारियों, कर्मचारियों और अग्रिम पंक्ति के सफाई मित्रों की सेहत का ध्यान रखते हुए एक विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का हुआ भव्य आयोजन

जबलपुर दर्पण । नगर निगम द्वारा अपने कर्मठ अधिकारियों, कर्मचारियों और अग्रिम पंक्ति के सफाई मित्रों की सेहत का ध्यान रखते हुए एक विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का भव्य आयोजन किया गया। घंटाघर स्थित सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस शिविर में शैल्बी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने आधुनिक मशीनों के माध्यम से सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कर त्वरित समाधान प्रदान किए। शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगमाध्यक्ष रिंकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, डॉ. सुभाष तिवारी एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में शैल्बी हॉस्पिटल की एक अनुभवी और वरिष्ठ टीम मौजूद रही, जिसमें मुख्य रूप से सी.ई.ओ. डॉ. संदीप श्रीवास्तव, डिप्टी सी.ई.ओ. डॉ. अंकित जैन, सीनियर कंसल्टेंट डॉ. नीरज बड़ेरीया, जनरल सर्जन डॉ. समीर सिंघई, कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. मालती भगत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चारू पाठक, यूरोलॉजिस्ट डॉ. इशांत मर्चेंट, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा असाटी, एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुशल सुराना ने अपनी सेवाएं दी, सफाई मित्रों और कर्मचारियों की व्यस्त दिनचर्या को देखते हुए, उन्हें एक ही छत के नीचे ब्लड प्रेशर, शुगर, ई.सी.जी. एवं ऑक्सीजन लेवल, हड्डियों की जाँच (बी.एम.डी.), फेफड़ों की क्षमता (पी.एफ.टी.) एवं यूरिक एसिड जाँचों की सुविधा दी गई।
निगम के इस कल्याणकारी आयोजन में निगम के अधिकारी कर्मचारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहा, जिनमें अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेई, उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन सहित सभी विभागीय प्रमुख और कर्मचारी शामिल हुए।



