‘नशे से दूरी, है जरूरी’ अभियान में शामिल हुईं केरल की प्रसिद्ध बुलेट राइडर शाइनी राजकुमार, जबलपुर से दिया नशामुक्ति का संदेश

जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी, है जरूरी’ नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के तहत रविवार को जबलपुर पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण केरल की प्रसिद्ध महिला बुलेट राइडर शाइनी राजकुमार रहीं, जिन्होंने अभियान में शामिल होकर नशामुक्त भारत का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, एनएसएस स्वयंसेवक तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
केरल की पहली महिला बुलेट राइडर्स क्लब डॉटलेस रॉयल एक्सप्लोरर्स (DRE) की संस्थापक शाइनी राजकुमार पिछले 331 दिनों से रॉयल एनफील्ड बुलेट पर देशभर की यात्रा कर रही हैं। वे महिलाओं की सुरक्षा और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर विभिन्न राज्यों में जनजागरूकता अभियान चला रही हैं। इससे पहले भी वह कन्याकुमारी से लेह-लद्दाख तक 12 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर महिलाओं के खिलाफ हिंसा के विरोध में अभियान चला चुकी हैं।
कार्यक्रम में शाइनी राजकुमार ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरे देश में जनजागरूकता आवश्यक है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के बाद घंटाघर से नशामुक्ति जनजागरूकता रथ एवं शाइनी राजकुमार की जागरूकता यात्रा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर लगभग 500 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी रैली, जनसभाएं, पोस्टर अभियान, ऑटो और बसों पर पंपलेट चस्पा करने, मेडिकल छात्रों की रैली, महिलाओं के जागरूकता कार्यक्रम, सेल्फी अभियान तथा शपथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।



