जिला शालेय जूडो स्पर्धा में ‘लिटिल चैम्प स्कूल’ का शानदार प्रदर्शन; 9 खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड, संभाग स्तर के लिए चयन

जबलपुर दर्पण । जिला शिक्षा अधिकारी, जबलपुर के मार्गदर्शन एवं नर्मदा नर्सरी तथा वल्लभ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हनुमानताल के संयोजन में आयोजित ‘जिला स्तरीय शालेय बालक एवं बालिका (14, 17 एवं 19 वर्ष) जूडो प्रतियोगिता 2026’ में लिटिल चैम्प सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम पूरे जिले में गौरवान्वित किया। विद्यालय की प्राचार्या शायदा अली ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में संस्कारधानी के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 275 से अधिक उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबलों, तीव्र प्रतिद्वंद्विता और उच्च तकनीकी दांव-पेचों के बीच लिटिल चैम्प सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपना दबदबा बनाए रखा और विभिन्न भार वर्गों में प्रथम स्थान (स्वर्ण पदक) हासिल कर आगामी संभाग स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया।
लिटिल चैम्प स्कूल के विजेता खिलाड़ियों की सूची:
बालक एवं बालिका वर्ग (14 वर्ष):
-32 किग्रा भार वर्ग में इर्तिका कशफ़, -36 किग्रा भार वर्ग में जोबिया फातिमा, -30 किग्रा भार वर्ग में मोहम्मद शाद नवाज़ प्रथम स्थान , -35 किग्रा भार वर्ग में अनस मंसूरी, -40 किग्रा भार वर्ग में साकिब अंसारी,आदि विजेता रहे।
बालक एवं बालिका वर्ग (17 वर्ष):
-60 किग्रा भार वर्ग में अरहान आलम, -44 किग्रा भार वर्ग में अफ़शीन फातिमा, -57 किग्रा भार वर्ग में अक्शा मंसूरी, -63 किग्रा भार वर्ग में सोमिया सिद्दीकी आदि विजेता रहे।
संस्था की प्राचार्या शायदा अली ने खिलाड़ियों की तकनीक और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ये सभी प्रतिभावान खिलाड़ी वरिष्ठ जूडो कोच आबिद हुसैन खान के कुशल, कड़े और तकनीकी मार्गदर्शन में निरंतर अभ्यास एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच श्री खान के निरंतर मार्गदर्शन, सही रणनीतियों और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि बच्चों ने जिला स्तर पर इतना शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर लिटिल चैम्प सीनियर सेकेंडरी स्कूल के उप-प्राचार्य श्री गौरी शंकर सार एवं समस्त शिक्षकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



