मझौली में आदिवासी परिवार के साथ मारपीट और धमकी का आरोप, दो पीड़ितों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर दर्पण मझौली । मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम बूढ़ी में आदिवासी परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित रामलाल एवं करण कोल द्वारा शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर मझौली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार 16 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे घर की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक गाडरी एवं धर्मेंद्र गोंटिया द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। मारपीट में पीड़ितों को चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है। बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना को देखने-सुनने वाले लोगों के रूप में अर्जुन भुमिया, शनि भुमिया एवं अन्य के नाम भी शिकायत में बताए गए हैं।
मझौली पुलिस ने मामले में एफआईआर क्रमांक 0340/2026 दर्ज की है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 351(3), 3(5) तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं 3(1)(घ), 3(1)(ध), 3(2)(va) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



