शहर की सोमिया और आयुष का जूडो प्रदेश टीम में चयन

जबलपुर दर्पण । इंदौर में आयोजित हुई राज्य केडेट एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग जूडो सिलेक्शन ट्रायल्स में जबलपुर के खिलाड़ियों ने सफलता प्राप्त की है। जूडो संघ के अध्यक्ष रवि गुप्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कड़े मुकाबलों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए जबलपुर के दो होनहार खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश की राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस सिलेक्शन ट्रायल में जबलपुर की सोमिया सिद्दीकी ने 63 किग्रा केडेट वर्ग में तथा जूनियर वर्ग के 100 किग्रा मुकाबले में आयुष मिश्रा ने अपने प्रदर्शन की बदौलत मध्य प्रदेश की टीम में चयन का गौरव हासिल किया है।
तकनीकी अधिकारी के रूप में मौजूद जबलपुर जिला जूडो संघ के सचिव व वरिष्ठ कोच आबिद हुसैन खान ने पूरी निष्पक्षता से तकनीकी व्यवस्थाओं का संचालन संभाला।
श्री खान ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि कैडेट वर्ग में चयनित सोमिया 10 से 13 जून 2026 तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय केडेट जूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, जूनियर वर्ग के खिलाड़ी आयुष 13 से 16 जून 2026 तक चंडीगढ़ में ही आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर जूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर राजकुमार मिश्रा, शायदा अली, सत्येंद्र गुरु, गौरीशंकर सार, डॉ. दीपेंद्र यादव, एडवोकेट अताउर्ररहमान अंसारी, रत्नेश सोनकर, ज्ञान भूषण दुबे, तावेज़ अली, बुशरा अंजुम आदि ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।



