वायु सेवाओं के विस्तार हेतु राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि को सौंपा गया ज्ञापन

जबलपुर दर्पण । महाकौशल क्षेत्र की वायु सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर जबलपुर संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्तमान वायु सेवाओं की स्थिति, यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं तथा क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास की मांग की। समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि समिति द्वारा हाल ही में आयोजित बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू के लिए विमान सेवाओं का संचालन प्रतिदिन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन दोनों महानगरों के लिए नियमित दैनिक उड़ानें व्यापार, उद्योग, निवेश, शिक्षा, चिकित्सा एवं पर्यटन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस के शीर्ष प्रबंधन के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक में भी जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू की उड़ानों को प्रतिदिन संचालित करने तथा जबलपुर-मुंबई उड़ान को पूर्व की भांति नवी मुंबई के स्थान पर मुंबई के मुख्य हवाई अड्डे से संचालित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी। इंडिगो प्रबंधन द्वारा इन मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। समिति के अरुण पवार, गीता शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, मनु तिवारी, अंजना तिवारी, पी एस राजपूत ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि जबलपुर को पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक शहरों से सीधी विमान सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाए।



