जबलपुर इंटर-स्कूल फुटसल फाइनल: सेंट एलॉयसियस सदर ने मारी बाज़ी

जबलपुर दर्पण । सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, गुप्तेश्वर द्वारा रयान स्पोर्ट्स क्लब के बैनर तले आयोजित इंटर-स्कूल फुटसल चैम्पियनशिप 2026 का दूसरा दिन पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबलों के साथ-साथ फाइनल एवं तृतीय स्थान के लिए मुकाबला खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।
पहले सेमीफाइनल में सेंट एलॉयसियस स्कूल, सदर ने मेज़बान सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, गुप्तेश्वर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में सेंट एलॉयसियस स्कूल, पॉलीपाथर ने महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, नर्मदा रोड, जबलपुर को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
द्वितीय उपविजेता (सेकंड रनर-अप) ट्रॉफी के लिए खेले गए मुकाबले में महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, नर्मदा रोड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में सेंट एलॉयसियस स्कूल, सदर ने सेंट एलॉयसियस स्कूल, पॉलीपाथर को पराजित कर इंटर-स्कूल फुटसल चैम्पियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया। सेंट एलॉयसियस स्कूल, पॉलीपाथर प्रथम उपविजेता तथा महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, नर्मदा रोड द्वितीय उपविजेता रहे।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सेंट एलॉयसियस स्कूल, सदर के मास्टर एल्बर्ट आमिर को ‘मैन ऑफ द सीरीज़’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सारिका वर्मा (मैनेजर, अपोलो हॉस्पिटल), रामेन्द्र सिंह (कमांडेंट, एनसीआईएसएफ), डॉ. नितिन रंधावा (अस्थि रोग विशेषज्ञ), अभिषेक श्रीवास्तव (सीनियर राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, डब्ल्यूसीआर रेलवे), सुरकांत शर्मा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), मदन अवस्थी (प्रबंध निदेशक, अग्निबाण), रूपेश सिंह (डब्ल्यूसीआर, जबलपुर), जॉयनिक मैथ्यू (आयकर अधिकारी एवं राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी) तथा श्री देवेन्द्र निश्चल (जेके लक्ष्मी सीमेंट) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेलों के माध्यम से अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना विकसित करने का संदेश दिया।
दो दिवसीय चैम्पियनशिप का सफल समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया तथा खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के मूल्यों को सशक्त रूप से बढ़ावा दिया।।



