जीएसटी डिप्टी कमिश्नर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस टीम की कार्रवाई

मनीष श्रीवास वाराणसी । भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाराणसी विजिलेंस (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने राज्य जीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को कथित रूप से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई बुधवार शाम करीब 6:30 बजे भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास की गई। विजिलेंस टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए डिप्टी कमिश्नर को रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने मौके से निकलने का प्रयास किया। इस दौरान उन्हें रोकने पहुंचीं महिला उपनिरीक्षकों के साथ कथित रूप से हाथापाई की स्थिति भी बनी। काफी प्रयास के बाद विजिलेंस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। फिलहाल मामले की जांच विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार रिश्वत की राशि और पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



