सीएमएचओ और कोविड केयर सेंटर प्रभारी से मांगा स्पष्टीकरण

कलेक्टर ने किया सीएमएचओ और कोविड केयर सेंटर प्रभारी डॉ साहू से स्पष्टीकरण तलब
जबलपुर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी भरत यादव ने कोरोना वायरस संबंधी त्रुटिपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के आरोप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष कुमार मिश्रा और सुख सागर मेडिकल कॉलेज कोविड केयर सेंटर के प्रभारी डॉ अरविंद साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही दोनों अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
कलेक्टर द्वारा सीएमएचओ डॉ मिश्रा और सुख सागर मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड केयर सेंटर प्रभारी डॉ अरविंद साहू को जारी कारण बताओ सूचना पत्र में कहा गया है कि जिले के कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं प्रतिदिन की जानकारी संकलित कर उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया था। इसके बावजूद भी सोमवार एक जून को कोरोना वायरस संबंधी जिले की उपलब्ध कराई गई जानकारी त्रुटिपूर्ण थी। दोनों स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोविड पाजिटिव अब्दुल बाकी खान को एक जून को डिस्चार्ज होना बताया था। जबकि अब्दुल बाकी खान को 18 मई को ही मेडिकल कॉलेज जबलपुर से डिस्चार्ज करके इन्हें 7 दिन के लिए सुख सागर मेडिकल कॉलेज में संस्थागत क्वॉरेंटाइन किया गया था। पूर्व में भी इन दोनों अधिकारियों द्वारा मरीज के साथ केयरटेकर के रूप में रह रहे परिजनों को भी डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या में शामिल कर दिया था। कलेक्टर श्री यादव ने सीएमएचओ डॉ मिश्रा एवं कोविड केयर सेंटर प्रभारी डॉ अरविंद साहू द्वारा की जा रही निरंतर लापरवाही के लिए पूर्व में भी कई बार सचेत किया था। बावजूद इसके इन दोनों ने अपने कार्य व्यवहार में किसी भी प्रकार का सुधार नहीं किया।
इन स्थितियों के मद्देनजर कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर कहा है कि उल्लेखित बिंदुओं का कारण स्पष्ट करें कि क्यों ना आप के विरुद्ध सिविल सेवा आचरण नियम एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत दिए गए प्रावधानों के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की जाए।दोनों अधिकारियों को 3 दिन के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।नियत तिथि तक जवाब नहीं प्रस्तुत करने पर दोनों अधिकारियों के विरुद्ध एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी इसके लिए वे स्वयं जवाबदार होंगे।



