आईडीबीआई बैंक ने जिला चिकित्सालय जबलपुर को ईसीजी मशीन सहित स्वास्थ्य उपकरण किए प्रदान

जबलपुर दर्पण । आईडीबीआई बैंक की विजयनगर शाखा द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जिला चिकित्सालय जबलपुर को मरीजों की सुविधा के लिए विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण प्रदान किए गए। यह सामग्री 19 फरवरी 2026 को औपचारिक रूप से अस्पताल प्रशासन को सौंपी गई। जबलपुर स्थित जिला चिकित्सालय को बैंक द्वारा पांच ईसीजी मशीन, 10 स्ट्रेचर, 10 व्हीलचेयर एवं 5 वाटर कूलर सहित लगभग 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री उपलब्ध कराई गई। इन उपकरणों से अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।आईडीबीआई बैंक विजयनगर शाखा के शाखा प्रमुख विनीत वर्मा एवं बैंक अधिकारियों ने यह सामग्री मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा को सौंपी। इस अवसर पर बैंक के प्रवीण कुमार, दिलीप कुल्हाड़े, संजय भोल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, नीरज प्रतीक राजपूत, विकास श्रीवास्तव एवं अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। आईडीबीआई बैंक द्वारा की गई इस पहल से जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।



