35 हज़ार नागरिकों ने दिया ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स में अपना फीडबैक
जबलपुर। जीवन-यापन- रहन,सहन की सुगमता और जबलपुर शहर की सुविधाओं को लेकर ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स के सर्वे में फीडबैक देने की तिथि बढ़ा दी गई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा देश भर के शहरों के मध्य कराए जा रहे ईज़ ऑफ लिविंग सर्वे में अब तक 35 हज़ार नागरिकों ने अपना सकारात्मक फीडबैक दिया है। ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री आशीष कुमार पाठक ने बताया कि कलेक्टर श्री भरत यादव और निगमायुक्त श्री आशीष कुमार के मार्गदर्शन में नागरिकों को जागरूक करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। मीडिया से चर्चा करते हुए श्री पाठक ने बताया कि अधिक संख्या में फीडबैक देने से शहर के विकास को गति तो मिलेगी ही साथ ही शासन द्वारा विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता के आधार आवंटन भी प्राप्त होगा। मीडिया से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने बताया कि ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स सर्वे के माध्यम से केंद्र सरकार शहरों में विद्यमान सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता को परख रही है] ताकि नागरिकों के जीवन यापन और रहन सहन की सुगमता में वृद्धि हो] इस महत्वाकांक्षी कदम के द्वारा जीवन यापन की सुगमता का सूचकांक तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री आशीष कुमार पाठक ने केंद्र सरकार की आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा कराए जा रहे ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स 2019 प्रावधानों की जानकारी दी और नागरिकों से शहर को टॉप रैंक दिलाने सकारात्मक फीडबैक देने का आह्वान किया। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट सिटी कम्पनी की ओर से समाज के हर वर्ग को जागरूक करने और उनका सहयोग प्राप्त करने हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं जिसके फलस्वरूप अब तक लगभग 35 हज़ार नागरिकों ने फीडबैक दिया है। इस अवसर पर अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी कम्पनी द्वारा शहर विकास में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि प्रचलित परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर का स्वरूप और भी अधिक निखरेगा। उल्लेखनीय है कि ईज़ ऑफ लिविंग इंडेक्स 2019 के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा कराए जा रहे सर्वे में नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने स्मार्ट सिटी द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शहरवासी अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर अपना फीडबैक दे सकते हैं। इस अवसर पर सहायक आयुक्त संभव अयाची] नोडल अधिकारी अंकुर खरे] कविस मिश्रा] गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।



