अनिश्चितकालीन हड़ताल पर आंगनवाडी कार्यकर्ता:तहसीलदार एव परियोजना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर दर्पण नप्र जबेरा सिंग्रामपुर। तहसील मुख्यालय पर आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ब्लॉक की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए शासन द्वारा किए जा रही मनमानी व अपनी वेतन बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर एक ज्ञापन तहसीलदार अरविंद यादव एवं महिला बाल विकास अधिकारी रिंकल घनघोरिया के नाम पदस्थ बाबू को सौंपा। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के चेहरे पर शासन प्रशासन द्वारा की गई उपेक्षा का दर्द स्पष्ट देखा गया। इस संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती सुशीला वाजपेई ने बताया कि हम सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से समर्पित होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। किंतु अभी तक हमारी वेतन बढ़ाने सहित अन्य मांगों पर शासन प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया है। इस संबंध में हम पूर्व में माननीय प्रधानमंत्री,प्रदेश के मुख्यमंत्री,महिला बाल विकास राज्यमंत्री सहित अन्य लोगों को ज्ञापन भी प्रेषित कर चुके हैं। किंतु शासन प्रशासन की अनदेखी के कारण आज हम सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। यदि शीघ्र ही हमारी मांगों पर विचार नहीं किया गया। तो हम बड़ा जन आंदोलन भी करेंगे। वही आगे बताया कि अपनी मांगों को लेकर जबेरा,सिंगपुर,सिंगरामपुर,सेक्टर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आज से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में अध्यक्ष सुशीला बाजपेई सहित सेकड़ो की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की उपस्थिति रही।




