कलेक्ट्रेट में कराया गया विशाल एवं प्रियंका का विवाह
आज 17 मार्च 2020 को कलेक्ट्रेट में विशेष विवाह अधिनियम के अंतर्गत विशाल रूसे एवं प्रियंका पटले का विवाह कराया गया। अपर कलेक्टर एवं विशेष विवाह अधिकारी श्री शिवगोविंद मरकाम ने विवाह जोड़े को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया।
वारासिवनी तहसील के ग्राम दिनेरा के 21 वर्षीय विशाल रूसे एवं ग्राम दिनी की 19 वर्षीय प्रियंका पटले ने विशेष विवाह अधिकारी के समक्ष विवाह कराने के लिए आवेदन किया था। आज 17 मार्च 2020 को विशेष विवाह अधिकारी के समक्ष विशाल एवं प्रियंका ने एक दूजे को वरमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अपना जीवन साथी बना लिया । दोनों इस विवाह से बहुत खुश है। बगैर किसी तामझाम के हुई इस सरकारी शादी ने आधुनिक होते हुये समाज में विवाह के बढ़ते खर्च को कम करने और जात-पात के बंधन को तोड़ने का संदेश भी दिया है । इस विवाहित जोड़े को पात्रता होने पर अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 02 लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जायेगी।



